मथुरा , जुलाई 30 -- उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल एक एवं दो अगस्त को दो दिवसीय मथुरा-वृंदावन दौरे पर रहेंगी। इस दौरान वह धार्मिक, शैक्षिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों में भाग लेंगी। जिला प्रशासन ने उनके भ्रमण को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। आधिकारिक कार्यक्रम के अनुसार राज्यपाल एक अगस्त को पूर्वाह्न 10:25 बजे वृंदावन स्थित प्रियाकांत जू मंदिर, शांति सेवा धाम पहुंचेंगी, जहां वह षष्ठम पार्थिव शिवलिंग महोत्सव एवं शिव महापुराण कथा में शामिल होंगी। कार्यक्रम के उपरांत वह वृंदावन स्थित होटल रेडिसन में रात्रि विश्राम करेंगी।
दो अगस्त को पूर्वाह्न 8:55 बजे राज्यपाल चैतन्य विहार फेज-2 स्थित राजकीय बालगृह (बालिका) पॉक्सो का निरीक्षण करेंगी। निरीक्षण के दौरान वह संस्थान की व्यवस्थाओं की समीक्षा करेंगी तथा वहां रह रही बालिकाओं से संवाद भी करेंगी। इसके बाद राज्यपाल पंडित दीनदयाल उपाध्याय पशु चिकित्सा विज्ञान विश्वविद्यालय एवं गो-अनुसंधान संस्थान पहुंचेंगी, जहां आयोजित "नशा मुक्त देशव्यापी अभियान" कार्यक्रम में भाग लेंगी और उपस्थित लोगों को संबोधित करेंगी।
दोपहर में होटल में भोजन के बाद राज्यपाल आगरा के लिए प्रस्थान करेंगी। आगरा में उनका अगला कार्यक्रम डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के अतिथि गृह में प्रस्तावित है। राज्यपाल के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए जिला प्रशासन एवं पुलिस ने सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। जिलाधिकारी सीपी सिंह ने बताया कि सभी कार्यक्रम स्थलों पर सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए जा रहे हैं तथा संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित