भरतपुर , जुलाई 19 -- राजस्थान में धौलपुर शहर की राठौर कॉलोनी और आसपास के इलाकों में 48 घंटे से बिजली आपूर्ति ठप होने से नाराज कॉलोनीवासियों ने रविवार को विद्युत विभाग के कार्यालय में अधिकारियों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया और नारेबाजी की।

प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि बिजली के तार और केबल टूटने की शिकायतें कई बार विभाग को दी गयीं, लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ। लगातार दो दिनों से बिजली नहीं होने के कारण लोगों को भीषण गर्मी में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इससे पेयजल आपूर्ति, घरेलू कामकाज और बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है।

इसी बीच, ग्रामीण क्षेत्र सैपऊ तहसील के तसीमो गांव में भी बिजली व्यवस्था खराब है। ग्रामीणों का आरोप है कि यहां प्रतिदिन लगभग 10 घंटे बिजली कटौती की जा रही है। भीषण गर्मी में लंबे बिजली कट से छोटे बच्चे, बुजुर्ग और आमजन सबसे ज़्यादा परेशान हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित