रायपुर , जून 15 -- छत्तीसगढ़ में दक्षिण-पश्चिम मानसून अगले दो से तीन दिन में पहुंच सकता है। मौसम विभाग ने सोमवार को बताया कि अगले दो से तीन दिनों के भीतर मानसून प्रदेश में प्रवेश कर सकता है। इसके मद्देनजर राज्य के विभिन्न हिस्सों में मौसम का स्वरूप बदलने लगा है और कई जिलों के लिए आंधी, गरज-चमक तथा वर्षा का अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग के अनुसार आज शाम प्रदेश के अनेक क्षेत्रों में तेज हवाओं, गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। कुछ स्थानों पर बिजली गिरने की आशंका भी जताई गई है। विभाग ने नागरिकों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है।

बारिश संबंधी गतिविधियों में बढ़ोतरी के चलते उत्तर छत्तीसगढ़ के जिलों में अधिकतम तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गयी है। वहीं मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ क्षेत्रों में तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी देखी गई। प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में दर्ज किया गया।

मौसम विभाग ने कहा है कि प्रदेश के कई जिलों में अगले पांच दिनों तक गरज-चमक की स्थिति बनी रह सकती है। दक्षिण एवं मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में वर्षा की गतिविधियां और तेज होने की संभावना है। विभाग के अनुसार अगले चार से पांच दिनों के दौरान दक्षिण-पश्चिम मानसून के दक्षिण छत्तीसगढ़ के कुछ जिलों में प्रवेश के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं।

रायपुर में अगले 24 घंटों के दौरान आंशिक से घने बादल छाए रहने का अनुमान है। शहर के कुछ इलाकों में बारिश अथवा गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। रायपुर का अधिकतम तापमान लगभग 40 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना व्यक्त की गई है।

पिछले 24 घंटों के दौरान दक्षिणी और मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ जिलों में गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई। इस अवधि में उत्तरी और मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ क्षेत्रों में अधिकतम तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हुई, जबकि दक्षिण छत्तीसगढ़ में तापमान करीब चार डिग्री सेल्सियस तक बढ़ा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित