बैतूल , सितंबर 26 -- भगवान गणेश की मूर्ति विसर्जन के लिए तालाब में उतरे एक मजदूर की जिंदगी कुछ ही पलों में पानी की गहराई में समा गई। शुक्रवार शाम मंडाई खुर्द गांव में विसर्जन के दौरान एक व्यक्ति अचानक गहरे पानी में उतर गया और वह डूब गया।

परिवार और ग्रामीणों की आंखों के सामने खुशियों का माहौल मातम में बदल गया। करीब दो घंटे की तलाश के बाद राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की टीम ने व्यक्ति के शव को तालाब से बाहर निकाला। व्यक्ति की पहचान मंडाई खुर्द निवासी शंकर दयाल के रूप में हुई है। मूर्ति विसर्जन के दौरान वह पानी में उतरा था लेकिन अचानक गहरे पानी में चला गया। देखते ही देखते वह पानी में डूब गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

ग्रामीणों ने तत्काल तालाब में शंकर की तलाश शुरू की और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। अंधेरा बढ़ने के बावजूद रेस्क्यू अभियान जारी रहा। करीब डेढ़ से दो घंटे की मशक्कत के बाद टीम ने शंकर का शव खोजकर तालाब से बाहर निकाला।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित