भरतपुर , अप्रैल 23 -- राजस्थान में धौलपुर जिले के कंचनपुर थाना क्षेत्र में मुरावली गांव में गुरुवार को चरागाह भूमि को लेकर दो गुटों में हुए खूनी संघर्ष में गोलीबारी से एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया जबकि कई अन्य को चोटें आईं।

सूत्रों ने बताया कि सूचना मिलते ही कंचनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। मौके पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि चरागाह भूमि से मिट्टी की खुदाई को लेकर हुए विवाद के दौरान जीतू को गोली लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। भोला, सुनील, पिंटू और महेश सहित चार अन्य लोगों को भी चोटें आई हैं, जिनमें से कुछ के चेहरे पर गंभीर घाव हैं। जबकि दूसरे पक्ष से रघुवीर और चरण सिंह भी घायल हुए हैं। सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज किया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित