बारां , मई 30 -- राजस्थान में बारां जिले के अन्ता थाना क्षेत्र में पुलिस ने दो किलो 117 ग्राम अवैध गांजा बरामद करके चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदासु ने शनिवार को बताया कि शुक्रवार को पुलिस दल को गश्त के दौरान काचरी से रातड़िया माइनर के पास कच्चे रास्ते पर दो मोटर साइकिलों पर सवार चार युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो वे पुलिस को देखकर वापस मुड़ने लगे। संदेह होने पर पुलिस ने चारों को रोककर पूछताछ की और उनके बैग की तलाशी ली।

उन्होंने बताया कि तलाशी के दौरान एक मोटरसाइकिल पर रखे बैग से एक किलो 80 ग्राम और दूसरी मोटर साइकिल पर रखे बैग से एक किलो 37 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मामला दर्ज करके चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान अंकित सुमन (23), सोनू पंकज (22), अजय मीणा (20) और मोहम्मद दानिश (27) के रूप में हुई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित