भरतपुर , जून 17 -- राजस्थान में धौलपुर के सैयां थाना क्षेत्र में बुधवार को आगरा-ग्वालियर राजमार्ग पर बीएससी की परीक्षा देने आगरा जा रहे छात्रों की कार एक अन्य कार से टकराने से दोनों कारों में सवार तीन लोगों की मौत हो गयी, जबकि 13 अन्य घायल हो गये।

प्राप्त जानकारी के अनुसार कुणाल कॉलेज के पास एक कार का टायर फटने से वह अनियंत्रित हो गयी और दूसरी लेन में आ रही एक अन्य कार से टकरा गयी। इससे एक महिला सहित तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गयी।

पुलिस ने बताया कि मृतकों में छात्रों की कार के धौलपुर निवासी चालक रिंकू और दूसरी कार में सवार दतिया निवासी विवेक तिवारी और मीना शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि घायलों में परीक्षा देने जा रहे कार सवार छात्र सुमित, साहब, मनमोहन, राहुल, जितेंद्र, रोहित, अभिषेक और दूसरी कार में सवार उर्मिला, राखी, शिव, मनीष, राघव और सुमित शामिल हैं। सभी घायलों को आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। हादसे के चलते कुछ समय के लिए आगरा-ग्वालियर राजमार्ग पर यातायात प्रभावित रहा जिसे बाद में पुलिस ने सामान्य कराया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित