आगर-मालवा , फरवरी 20 -- मध्यप्रदेश के आगर-मालवा जिले में उज्जैन-झालावाड़ राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 552-जी पर सुसनेर मार्ग स्थित कोतवाली थाना क्षेत्र में आज शुक्रवार को दो चार पहिया वाहनों की आमने-सामने भिड़ंत में एक महिला की मौके पर ही मृत्यु हो गई तथा दो गंभीर सहित एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए।
पुलिस सूत्रों के अनुसार ग्राम आमला के समीप ग्राम बर्डाबरखेड़ा के पास ओमनी और इको कार में जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए और हाईवे पर जाम लग गया।
ओमनी कार में सवार जया (25), मंजू (40), प्रेमबाई (35), सुनीता (40), देव (8), कल्लो, रमेश, सपना, लविश और पूजा दांगी सिलाई प्रशिक्षण के बाद सोयतकलां के समीप ग्राम लोहारिया लौट रहे थे। हादसे में सपना की मौके पर ही मौत हो गई। दूसरी कार में सवार मीना भावसार, दीपिका गुजराती, श्रेयांसी गुजराती और अथर्व माँ बगलामुखी मंदिर, नलखेड़ा से दर्शन कर देवास लौट रहे थे।
सूचना मिलते ही एसडीओपी मोतीलाल कुशवाह एवं कोतवाली थाना प्रभारी शशि उपाध्याय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को एंबुलेंस से जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया। दो गंभीर घायलों को उज्जैन रेफर किया गया है। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित