सोनभद्र , अगस्त 17 -- उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 2.40 करोड़ रुपये मूल्य की हेरोइन बरामद कर छह तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 1.204 किलोग्राम हेरोइन, छह मोबाइल फोन, एक थार और एक क्रेटा वाहन भी बरामद किया है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने सोमवार को बताया कि जिले में मादक पदार्थों की बिक्री और तस्करी के विरुद्ध 'ऑपरेशन शुद्धि' चलाया जा रहा है। इसी क्रम में चोपन थाना पुलिस और एसओजी टीम बसकटवा रेलवे ब्रिज के पास संदिग्ध वाहनों एवं व्यक्तियों की जांच कर रही थी। तभी सूचना मिली कि रॉबर्ट्सगंज की ओर से दो वाहनों में कुछ तस्कर अवैध मादक पदार्थ लेकर आ रहे हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर एक क्रेटा और उसके पीछे चल रही थार गाड़ी को रोक लिया। तलाशी के दौरान थार वाहन से 696 ग्राम तथा क्रेटा वाहन से 508 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। इस प्रकार कुल 1 किलो 204 ग्राम हेरोइन, छह मोबाइल फोन तथा 1,550 रुपये नकद बरामद किए गए।
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि वे आपस में धन एकत्र कर लखनऊ से हेरोइन खरीदते थे और उसे सोनभद्र जिले के अनपरा, ओबरा तथा अन्य क्षेत्रों में फुटकर बिक्री के लिए सप्लाई करते थे। बिक्री से प्राप्त धनराशि को सभी सदस्य आपस में बांट लेते थे।
पुलिस ने इस मामले में आयुष जायसवाल, धर्मवीर, सुधीर कुमार, सूरज उर्फ अभिषेक, जितेन्द्र कुमार और दीपक साहू को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों के विरुद्ध चोपन थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
एसपी ने बताया कि बरामद दोनों वाहनों के वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके, जिसके चलते उन्हें मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज करने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस गिरोह के अन्य संभावित सदस्यों और नेटवर्क की भी जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित