, Oct. 10 -- भागलपुर,10 अक्टूबर वार्ता। बिहार में भागलपुर जिले के नाथनगर थाना क्षेत्र से पुलिस ने लगभग दो करोड़ रुपए के स्मैक के साथ दो अपराधियों को गिरफ्तार किया है।भागलपुर के नगर पुलिस अधीक्षक अमितेश झा ने शनिवार को यहां बताया कि इस क्षेत्र के बाबूटोला में एक घर में अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री का धंधा होने की सूचना पर वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव के निर्देशानुसार उनके निगरानी में एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (नगर _दो) के नेतृत्व में गठित विशेष पुलिस टीम ने बाबूटोला निवासी अमलेश यादव के घर पर छापेमारी की।उन्होंने बताया कि पुलिस को देखते ही कुछ लोग उक्त घर से बाहर निकल कर भागने लगे,लेकिन पुलिस ने खदेड़कर सभी को दबोच लिया। घर की तलाशी के क्रम में एक किलोग्राम स्मैक के साथ अमलेश यादव और काजल देवी को गिरफ्तार किया गया है। जब्त स्मैक की कीमत बाजार में करीब दो करोड़ रुपए बताई गई है।
नगर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पकड़ा गया अमिलेश यादव अपने परिवार के सदस्यों के साथ मिलकर बाहर से मादक पदार्थों को मंगाकर अपने घर और आसपास के क्षेत्रों में खरीद-बिक्री का धंधा लंबे समय से करता था। पुलिस दोनों से पूछताछ करते हुए सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित