अलवर , फरवरी 18 -- राजस्थान में अलवर के मिनि सचिवालय में वर्ष 2023 आईएस बैच भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी (आईएएस) माधव भारद्वाज और अदिति वासने बुधवार को शादी के पवित्र बंधन में बंध गये।
प्राप्त जानकारी के अनुसार इस दौरान न तो बैंड बाजा था न ढोल नगाड़े और न ही कोई शोर शराबा रहा। सादगी से दोनों ने जिला कलेक्टर अर्पिता शुक्ला के सामने अपनी शादी पंजीकृत करवाई। इस दौरान केवल दोनों के माता-पिता और भाई-बहन मौजूद थे। आईएएस माधव भारद्वाज अलवर में उपखंड अधिकारी (एसडीएम) के पद पर कार्यरत हैं। तो उनकी आईएएस पत्नी अदिति गुजरात के जामनगर में एसडीएम पद पर पदस्थ हैं।
बुधवार को अलवर के मिनी सचिवालय में दोनों आईएएस अधिकारियों की शादी चर्चा का विषय बन गई। मसूरी के रहने वाले माधव भारद्वाज अलवर में एसडीएम के पद पर कार्यरत हैं। तो उनकी पत्नी अदिति वासने मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बरेली की हैं। उनके पिता व्यापारी हैं और वे तीन बहन भाई है। माधव और अदिति ने बताया कि दोनों की मुलाकात आईएएस ट्रेनिंग के दौरान हुई थी। मुलाकात प्यार में बदली तो दोनों ने शादी करने का फैसला लिया।
दोनों आईएएस अधिकारियों ने परिवार की सहमति के बाद बुधवार को अलवर जिला कलेक्टर अर्पिता शुक्ल के सामने अपनी शादी पंजीकृत रजिस्टर्ड करवाई। इस दौरान मिनी सचिवालय के अधिकारी मौजूद रहे।
माधव एवं अदिति ने बताया कि वे लोग एक अच्छा सा मुहूर्त देखकर एक मंदिर में हिंदू रीति रिवाज से भी शादी की सभी रस्में करेंगे, लेकिन वह कार्यक्रम भी बिना किसी शोर शराबे एवं दिखावे के होगा। कार्यक्रमों में केवल परिवार के लोग शामिल होंगे। क्योंकि हिंदू धर्म में बिना अग्नि के फेरे लिए और बिना रीति रिवाज के शादी को पूर्ण नहीं माना जाता है। इसलिए दोनों ने आगामी अच्छे मुहूर्त पर परिवार की मौजूदगी में मंदिर में शादी करने का फैसला लिया है।
दोनों आईएएस बैच के टॉपर रहे हैं और पहले ही प्रयास में आईएएस बने। माधवपुर राजस्थान केडर जबकि अदिति को गुजरात केडर मिला। उनकी शादी से परिवार के लोग खुश हैं। उनकी शादी ने समाज में एक मिसाल कायम की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित