उज्जैन , जुलाई 19 -- मध्यप्रदेश में उज्जैन के नीलगंगा थाना क्षेत्र में हुए दोहरे हत्याकांड के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी का शॉर्ट एनकाउंटर किया, जिसमें वह घायल हो गया। पुलिस ने एक महिला सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा ने बताया कि शनिवार रात हुए दोहरे हत्याकांड के आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया था। कार्रवाई के दौरान मुख्य आरोपी नरेश पासी ने पुलिस हिरासत से भागने का प्रयास किया और एक पुलिसकर्मी की पिस्टल छीनने की कोशिश की। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए उसके पैर में गोली मारी, जिससे वह घायल हो गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार गोरकर परिवार के दो सदस्यों की हत्या के बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए विशेष टीम गठित की गई थी। लालपुर क्षेत्र के पास कार्रवाई के दौरान भागने की कोशिश में नरेश पासी के पैर में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने मामले में अब तक एक महिला सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। शेष फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित