दुर्ग , अप्रैल 14 -- छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के अंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत खाड़ा गांव में दोस्तों के बीच हुए विवाद ने एक व्यक्ति की जान ले ली। 12 अप्रैल की रात हुई इस घटना में 43 वर्षीय शंभू निषाद की मौत हो गई। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस से आज प्राप्त जानकारी के अनुसार, शंभू निषाद अहमदाबाद (गुजरात) में वेल्डिंग का कार्य करता था और करीब 15 दिन पहले ही अपने गांव खाड़ा आया हुआ था। उसके परिवार में पत्नी, दो बेटियां और एक बेटा है। 12 अप्रैल की रात लगभग 10 बजे वह अपने मित्र संतोष यादव और रोहित यादव के घर मिलने पहुंचा था।
बताया जा रहा है कि तीनों के बीच शराब के नशे में बातचीत के दौरान गांव की आबादी जमीन को लेकर विवाद शुरू हो गया। शंभू द्वारा इस विषय में सरपंच से बात करने की बात कहे जाने पर कहासुनी बढ़ गई और देखते ही देखते मामला हाथापाई में बदल गया। आरोप है कि संतोष यादव और रोहित यादव ने मिलकर शंभू निषाद के साथ मारपीट की, जिससे उसे गंभीर अंदरूनी चोटें आईं।
घटना के बाद आरोपियों ने ही शंभू के परिजनों को सूचना दी। रात करीब 11:30 बजे परिजन उसे घर ले आए, जहां उसकी हालत बिगड़ी हुई थी। परिजनों के अनुसार वह घर पहुंचने के बाद सो गया, लेकिन अगली सुबह नहीं उठा। हालत गंभीर होने पर उसे दोपहर करीब 12 बजे दुर्ग जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित