सहारनपुर , जून 6 -- सहारनपुर की थाना कुतुबशेर पुलिस ने दोमुंहा सांप (रेड सैंड बोआ) दिखाकर चमत्कारी औषधि और तंत्र-मंत्र के नाम पर लोगों से धोखाधड़ी करने वाले एक शातिर ठग को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से प्रतिबंधित वन्यजीव, लाखों रुपये की नकदी, कूटरचित दस्तावेज और अन्य सामान बरामद किया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपराध नियंत्रण तथा प्रतिबंधित वन्यजीवों की तस्करी रोकने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी नगर प्रथम के पर्यवेक्षण में थाना कुतुबशेर पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान आस मोहम्मद पुत्र मोहम्मद भोल्लर, निवासी शिव धाम कॉलोनी, खताखेड़ी, थाना मंडी, सहारनपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे दबनी कब्रिस्तान मार्ग स्थित पूजा एन्क्लेव के पास से गिरफ्तार किया। आरोपी की निशानदेही पर दोमुंहे सांप के अलावा 4.94 लाख रुपये नकद समेत अन्य सामान बरामद किया गया है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी दोमुंहे सांप को दुर्लभ और चमत्कारी बताकर लोगों को झांसे में लेता था। वह औषधि, तंत्र-मंत्र अथवा विशेष शक्तियों का दावा कर आमजन से धन ऐंठने का कार्य करता था। बरामद नकली नोटों जैसी गड्डियों और सफेद कागजों का उपयोग कथित तौर पर लोगों को भ्रमित करने के लिए किया जाता था। गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर थाना कुतुबशेर में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के आपराधिक नेटवर्क, संभावित सहयोगियों तथा वन्यजीव तस्करी से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित