सेंट्रल नोएडा , जुलाई 18 -- उत्तर प्रदेश में सेंट्रल नोएडा जोन की बिसरख थाना पुलिस ने दोपहिया वाहन चोरी करने वाले एक सक्रिय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही और कब्जे से चोरी की आठ मोटरसाइकिलें तथा एक अवैध चाकू बरामद किया है।

पुलिस ने शनिवार को जानकारी देते हुए बताया कि बिसरख थाना पुलिस ने मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए गौर सिटी-दो के 10वें एवेन्यू की सर्विस रोड से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कुशलवीर (25) पुत्र हरवीर और सनी (19) पुत्र महावीर के रूप में हुई है।

आरोपी नोएडा और दिल्ली-एनसीआर के विभिन्न क्षेत्रों से मोटरसाइकिल चोरी कर उन्हें ठिकाने लगाने का काम करते थे। बरामद वाहनों के संबंध में दिल्ली-एनसीआर के अलग-अलग थानों में मुकदमे दर्ज हैं।

आरोपी कुशलवीर मूल रूप से थाना छर्रा, जनपद अलीगढ़ के छर्रा धनसारी गांव का रहने वाला है। वर्तमान में वह सेन विहार, थाना क्रॉसिंग रिपब्लिक, गाजियाबाद में रह रहा था। दूसरा आरोपी सनी ग्राम एवं थाना बिसरख का निवासी है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी कुशलवीर के खिलाफ गाजियाबाद, गौतमबुद्धनगर और दिल्ली में वाहन चोरी के कई मुकदमे पहले से दर्ज हैं। वहीं आरोपी सनी के खिलाफ भी वाहन चोरी से जुड़े मामले दर्ज हैं।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ बीएनएस तथा 4/25 आर्म्स एक्ट में बिसरख थाना पर मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी के अन्य मामलों की जानकारी जुटाने में लगी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित