देहरादून , जुलाई 30 -- उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के ऐतिहासिक परेड मैदान में इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस का मुख्य राज्य स्तरीय समारोह आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पूर्वाह्न 10 बजे राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे तथा स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, राज्य आंदोलनकारियों, खिलाड़ियों और विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित करेंगे।

स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर गुरुवार को जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट स्थित ऋषिपर्णा सभागार में बैठक हुई। बैठक में समारोह की विस्तृत रूपरेखा तय करते हुए सभी विभागों को समयबद्ध ढंग से तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने बताया कि जिले के सभी सरकारी कार्यालयों में पूर्वाह्न नौ बजे ध्वजारोहण होगा, जबकि मुख्य समारोह परेड मैदान में आयोजित किया जाएगा। पुलिस बैंड की देशभक्ति धुनों के बीच राष्ट्रगान होगा तथा पुलिस, अर्द्धसैनिक बल, होमगार्ड, राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) और प्रांतीय रक्षक दल की टुकड़ियां परेड कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी देंगी। समारोह का सजीव प्रसारण भी किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस भी भव्य एवं भावपूर्ण ढंग से मनाया जाएगा, जिसमें मुख्यमंत्री भी शामिल होंगे। इसके लिए उपयुक्त स्थान चिन्हित करने तथा वर्ष 1947 के भारत विभाजन से प्रभावित लोगों को आमंत्रित करने के निर्देश दिए गए हैं। नई पीढ़ी को विभाजन की त्रासदी से अवगत कराने और राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सद्भाव तथा मानवीय मूल्यों को मजबूत करने के उद्देश्य से विशेष प्रदर्शनी भी आयोजित की जाएगी।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि 14 अगस्त की शाम छह बजे से जनपद के प्रमुख चौराहों पर लाउडस्पीकरों के माध्यम से देशभक्ति गीतों का प्रसारण किया जाए। साथ ही सरकारी भवनों और प्रमुख इमारतों को एलईडी बल्बों से आकर्षक ढंग से सजाया जाए। उन्होंने शिक्षण संस्थानों में सुबह सात बजे प्रभात फेरी निकालने तथा इसके बाद विचार गोष्ठी, निबंध, खेलकूद प्रतियोगिताएं और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करने के भी निर्देश दिए।उन्होंने पुलिस विभाग को परेड एवं सलामी की तैयारियां समय पर पूरी करने तथा संबंधित विभागों को समारोह स्थल पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

पुलिस विभाग को परेड एवं सलामी की तैयारियां समय से पूर्ण करने तथा संबंधित रेखीय विभागों को कार्यक्रम स्थल पर आवश्यक व्यवस्थाएं निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सुनिश्चित करने को कहा गया।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) स्मृता परमार, सिटी मजिस्ट्रेट राकेश तिवारी, एसडीएम अपर्णा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एमके शर्मा, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार, जिला पूर्ति अधिकारी केके अग्रवाल, जिला शिक्षा अधिकारी प्रेमलाल भारती सहित विभिन्न रेखीय विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित