देहरादून , अक्तूबर 05 -- उत्तराखंड के देहरादून जनपद पुलिस ने लाखों रुपये कीमत का मादक पदार्थ स्मैक बरामद किया और एक तस्कर को गिरफ्तार किया।

पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि कोतवाली पटेल नगर पर गठित पुलिस टीम ने रविवार को चेकिंग के दौरान एक तस्कर राशिद पुत्र इरशाद निवासी आजाद कॉलोनी, पटेल नगर, देहरादून, आयु 25 वर्ष को 10.19 ग्राम अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया। बरामद स्मैक की अंतर्राष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग तीन लाख रूपए है।

आरोपी के विरुद्ध कोतवाली पटेल नगर पर एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला किया गया है। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि जल्दी पैसा कमाने के लालच में वह मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त हो गया था तथा उक्त स्मैक को वह थोड़ी थोड़ी मात्रा में नशे के आदी स्थानीय व्यक्तियों को ऊंचे दामों में बेचकर मोटा मुनाफा कमाना चाहता था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित