देहरादून , मई 13 -- उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में झारखंड के कुख्यात माफिया विक्रम शर्मा की हत्या में फरार एक लाख रुपये के ईनामी आरोपी यशराज सिंह को देहरादून पुलिस तथा राज्य एसटीएफ की संयुक्त टीम ने उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से गिरफ्तार किया है।

एसटीएफ के एसएसपी अजय सिंह और एसएसपी देहरादून प्रवेंद्र डोभाल ने अलग, अलग संवाददाता सम्मेलन में बुधवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कोतवाली डालनवाला अंतर्गत बीती 13 फरवरी को सिल्वर सिटी राजपुर रोड डालनवाला देहरादून स्थित जिम से बाहर आते समय कुछ अज्ञात व्यक्तियों द्वारा विक्रम शर्मा नाम के व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गयी थी। जिस सम्बन्ध में थाना डालनवाला पर मुकदमा संख्या 30/2026 पंजीकृत हुआ था। अभियोग की विवेचना के दौरान उक्त घटना में झारखण्ड से आये अभियुक्त की संलिप्तता पायी गयी थी। जिनकी गिरफ्तारी को पुलिस की अलग-अलग टीमों को गैर प्रान्त झारखण्ड व अन्य सम्भावित स्थानों को रवाना किया गया था।

उन्होंने बताया कि उक्त घटना में पुलिस द्वारा पूर्व में दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। अभियोग की विवेचना के दौरान घटना में शामिल 06 अन्य अभियुक्तो के नाम प्रकाश में आये जो घटना के बाद से लगातार फरार चल रहे थे। उन्होंने बताया कि पुलिस द्वारा फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु न्यायालय से गिरफ्तारी वारंट व कुर्की वारंट प्राप्त किये गये थे, परन्तु अभियुक्त अपनी गिरफ्तारी से बचने के लिये लगातार अपने ठिकाने बदल रहे थे।

श्री सिंह और श्री डोभाल ने बताया कि अभियुक्तों के लगातार फरार चलने पर पुलिस द्वारा सभी 06 अभियुक्तों पर एक-एक लाख का ईनाम घोषित किया गया था। उन्होंने बताया कि 12 मई मंगलवार को देहरादून पुलिस तथा एसटीएफ की संयुक्त टीम द्वारा मुखबिर की सूचना पर उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में दबिश देते हुये घटना में शामिल एक लाख रूपये के ईनामी अभियुक्त यशराज सिंह पुत्र राजकुमार सिंह निवासी मकान संख्या 62, निकट राम इकबार भवन, गारावारसू, थाना बागबेड़ा, जमशेदपुर, जिला पूर्वी सिंहभूम, झारखण्ड आयु 23 वर्ष को होटल सूर्य लोक के सामने रेलवे रोड, सहारनपुर उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित