देहरादून , अगस्त 19 -- उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के वीआईपी इलाके वसंत विहार में तीन दिन पहले एक बुजुर्ग महिला के गले से चैन छीनकर फरार हुआ आरोपी मंगलवार देर रात पुलिस मुठभेड़ में गोली लगने घायल हो गया। पुलिस ने घायल को हिरासत में लेकर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

पुलिस ने बताया कि जिले में प्रस्तावित वीवीआईपी कार्यक्रम के दृष्टिगत सभी अंतर्जनपदीय, अंतरराज्यीय चैकपोस्ट के साथ-साथ आंतरिक मार्गो पर भी लगातार सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। देर रात्रि बसंत विहार पुलिस ने हरबंसवाला बैरियर पर जांच के दौरान सामने से आ रही एक बिना नंबर की नीले रंग की स्कूटी में सवार व्यक्ति को संदिग्धता के आधार पर रुकने का इशारा किया गया तो स्कूटी सवार व्यक्ति अपने वाहन को तेजी से चलाते हुये हरबंसवाला की ओर फरार हो गया। मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों ने तत्काल कंट्रोल रूम के माध्यम से उक्त संदिग्ध वाहन सवार की तलाश को आसपास के थानों को अवगत कराते हुए उसका पीछा किया। पुलिस को पीछा करता देख संदिग्ध स्कूटी सवार व्यक्ति ने चाय बागान की ओर भागने के दौरान पुलिस टीम पर फायर कर दिया। पुलिस के अपने बचाव में किये गये जबाबी कार्रवाई में उक्त बदमाश के पैर पर गोली लग गई, जिसे पुलिस द्वारा तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।

पुलिस ने बताया कि मुठभेड़ में घायल बदमाश की पहचान आकाश कुमार उर्फ तमंचा पुत्र जगदीश लाल निवासी शिवाजी नगर जैन प्लॉट, थाना रायपुर, देहरादून के रूप में हुई। मौके से पुलिस टीम को अभियुक्त के कब्जे से एक 315 बोर का तमंचा, एक कारतूस, एक खोखा कारतूस, एक सोने की चैन तथा बिना नंबर की स्कूटी बरामद हुई। बरामद चैन के संबंध में पूछताछ करने पर आरोपी ने उक्त चैन को कुछ दिन पूर्व बसंत बिहार क्षेत्र में एक वृद्ध महिला के गले से छीनने की बात स्वीकारी। पुलिस पर किए गए जानलेवा हमले के संबंध में आरोपी के विरुद्ध थाना बसंत विहार पर धारा 109/3(5) भारतीय न्याय संहिता एवं 3/25/27 शस्त्र अधिनियम का मामला दर्ज किया गया। बताया जाता है कि मुठभेड़ में घायल बदमाश शातिर किस्म का अपराधी है, जो पूर्व में भी देहरादून के अलग-अलग थानों से चोरी, लूट, स्नेचिंग एवं अन्य आपराधिक घटनाओं में जेल जा चुका है। आरोपी के खिलाफ जिला के अलग-अलग थानों में विभिन्न आपराधिक घटनाओं के लगभग 18 मामले दर्ज हैं। वह लगभग एक महीने पहले ही जेल से जमानत पर रिहा हुआ था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित