देहरादून , मई 16 -- उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में शुक्रवार देर रात्रि पुलिस को वाहन जांच के दौरान एक कार की तलाशी के दौरान उसमें बने एक गुप्त बॉक्स से 1.55 करोड़ रुपए की नगद राशि बरामद हुई। वाहन में बैठे लोग उस राशि के बारे में कोई संतोषप्रद उत्तर नहीं दे सके तो पुलिस ने आयकर और आर्थिक अन्वेषण विभाग के अधिकारियों को बुलाकर संबंधित व्यक्तियों और धनराशि उनके सुपुर्द कर दी।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि कोतवाली कैंट पुलिस ने जांच के दौरान कौलागढ़ क्षेत्र में सिरमौर मार्ग पर एक संदिग्ध वाहन एमएच 12 एक्सटी 3245 स्कार्पियो एन को रोका। वाहन सवार व्यक्तियों से पूछताछ में वाहन चालक द्वारा अपना नाम सतीश भाई पुत्र हरगोविंद भाई, निवासी तालुका विसनागर, जिला मेहसाणा, गुजरात, तथा उसके साथ वाहन में बैठे दो अन्य व्यक्तियों ने अपना नाम ठाकुर जसवंत संघ बनाजी पुत्र बनाजी निवासी ग्राम सेधा तालुका चणसमा थाना चणसमा जिला पाटन और सचिन पटेल पुत्र नरेंद्र भाई निवासी ग्राम दीनप थाना विसनागर गुजरात बताया।
प्रवक्ता ने बताया कि वाहन से संबंधित दस्तावेज मांगने पर वाहन चालक इधर उधर की बातें करने लगा। संदिग्धता प्रतीत होने पर पुलिस द्वारा वाहन चालक से सख्ती से पूछताछ की गयी तो उसके द्वारा गाड़ी में काफी अधिक मात्रा में नगदी होने की बात बतायी। जिसे उनके द्वारा गाड़ी की बीच और पिछली सीट के बीच बने एक सीक्रेट केबिन में छुपा कर रखा गया था। उन्होंने बताया कि काफी अधिक मात्रा में कैश होने की सूचना तुरंत उच्चाधिकारियों को दी गई। इस पर क्षेत्रधिकारी नगर और आयकर विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे, जिनकी मौजूदगी में वाहन की तलाशी लेने पर वाहन में बने सीक्रेट केबिन से एक करोड़ 55 लाख रुपये नगद धनराशि प्राप्त हुई। जिसे आवश्यक वैधानिक कार्यवाही के लिए कब्जे में लिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित