देहरादून , नवम्बर 07 -- उत्तराखंड की राजनीति में पिछले कई दिनों से चर्चा में रहा जैनी प्रकरण शनिवार को उस समय और गरमा गया, जब जैनी ने स्वयं यहां संवाददाता सम्मेलन कर अपनी बात रखी। उन्होंने कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकारों में मंत्री रहे हरक सिंह रावत पर कई गंभीर आरोप लगाए।

संवाददाताओं के समक्ष सिक्किम निवासिनी युवती जैनी ने अपनी आपबीती सुनाई। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके साथ दुष्कर्म हुआ और इस पूरे घटनाक्रम के दौरान उनका मानसिक उत्पीड़न भी किया गया। उन्होंने बताया कि वह महज 16 वर्ष की आयु से देहरादून रह रही थीं। उन्हें गर्ल्स हॉस्टल में रखने के नाम पर कथित तौर पर मानसिक चिकित्सालय में रखा गया। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें डराया-धमकाया गया और दबाव बनाकर देहरादून से बाहर भेज दिया गया।

जैनी ने दावा किया कि कई बार उन्हें हरक सिंह रावत मसूरी स्थित मधुबन होटल में घूमने के लिए लेकर गए थे। उन्होंने कहा कि वह अपने बेटे को उसके पिता का नाम दिलाना चाहती है। इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री धामी से मुलाकात का समय मांगा है। उन्होंने पुलिस महानिदेशक को भी अपनी मांग से अवगत कराते हुए मामले की दोबारा केन्द्रीय जांच ब्यूरो से जांच कराने और डीएनए परीक्षण कराने की मांग की है। उन्होंने हरक सिंह रावत का भी डीएनए परीक्षण कराने की मांग उठाई, ताकि उनके बेटे के पितृत्व से जुड़े सवालों का वैज्ञानिक तरीके से परीक्षण हो सके। उन्होंने कहा कि वह लंबे समय से न्याय की उम्मीद लगाए बैठी हैं। अब उन्होंने एक बार फिर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और अपने बेटे को कानूनी रूप से पिता का नाम दिलाने की मांग उठाई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित