देहरादून , अगस्त 12 -- उत्तराखंड की राजधानी देहरादून स्थित दूरदर्शन केंद्र का 26वाँ स्थापना दिवस बुधवार को संस्कृति विभाग सभागार में भव्य एवं गरिमापूर्ण 'सांस्कृतिक संध्या' के रूप में मनाया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भारतीय मानक ब्यूरो के निदेशक एवं ब्यूरो प्रमुख हेमंत बी.आडे रहे। समारोह में दूरदर्शन एवं प्रसार भारती परिवार के अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ पद्म पुरस्कार से सम्मानित विशिष्ट अतिथियों, आमंत्रित कलाकारों एवं दर्शकों की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना से हुआ। इसके पश्चात अतिथियों का सम्मान किया गया।
प्रसार भारती के क्लस्टर प्रमुख/उप महानिदेशक सुरेश कुमार मीणा ने उद्घाटन संबोधन दिया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में विपुल रूहेला एवं वाद्य-वृंद की ग़ज़ल, डॉ रेशमा शाह एवं दल की जौनसारी गीत प्रस्तुति, सनव्वर अली खान एवं शाहरुख खान का लाइट म्यूजिक, सौरव मैठाणी एवं समूह के गढ़वाली गीत, भाव-राग नाट्य अकादमी, पिथौरागढ़ की प्रसिद्ध हिल-जात्रा नृत्य प्रस्तुति तथा लता तिवारी पांडे के कुमाऊँनी गीत प्रमुख आकर्षण रहे।
कार्यक्रम में सरस्वती वंदना प्रस्तुत करने वाले छात्र-छात्राओं को स्मृति-चिह्न एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। अंत में दूरदर्शन केन्द्र के कार्यक्रम प्रमुख अनिल कुमार भारती ने धन्यवाद ज्ञापित किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित