देहरादून , जुलाई 26 -- क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड (सीएयू) द्वारा अनुमोदित देहरादून टी-20 लीग 2026 का आयोजन 2 सितंबर से 9 सितंबर तक अभिमन्यु क्रिकेट अकादमी में किया जाएगा जिसके लिए आधिकारिक खिलाड़ी चयन ट्रायल शनिवार को कमलाल शर्मा क्रिकेट ग्राउंड, नथुवावाला, देहरादून में संपन्न हुआ।

देहरादून टी-20 लीग 2026 के लिए कुल 650 खिलाड़ियों ने प्लेयर ड्राफ्ट हेतु अपना पंजीकरण कराया, जिनमें से 350 से अधिक खिलाड़ियों ने ट्रायल में भाग लेकर अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों का मूल्यांकन चयन समिति के सदस्य धीरनराज शर्मा एवं शिवम खिराना द्वारा किया गया।

ट्रायल के आधार पर चयनित खिलाड़ियों को आगामी आधिकारिक प्लेयर ड्राफ्ट में शामिल किया जाएगा, जहाँ लीग की छह फ्रेंचाइज़ी टीमें अपने-अपने खिलाड़ियों का चयन करेंगी।

ट्रायल का शुभारंभ क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड (सीएयू) के मुख्य संरक्षक पी. सी. वर्मा द्वारा किया गया। इस अवसर पर एसोसिएशन के अनेक पदाधिकारी एवं गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। इनमें अध्यक्ष संदीप रावत, सचिव पीयूष कुमार रघुवंशी, संयुक्त सचिव जितेंद्र सचान, कोषाध्यक्ष अविनाश गोयल, देहरादून टी-20 लीग के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) नवनीत मिश्रा तथा निदेशक अरुण नेगी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

देहरादून टी-20 लीग 2026 का आयोजन 2 सितंबर से 9 सितंबर 2026 तक अभिमन्यु क्रिकेट अकादमी, देहरादून में किया जाएगा। प्रतियोगिता में छह फ्रेंचाइज़ी टीमें हिस्सा लेंगी। ट्रायल में चयनित खिलाड़ियों को आधिकारिक प्लेयर ड्राफ्ट के माध्यम से इन टीमों का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित