सहारनपुर , सितंबर 9 -- एक वर्ष पूर्व 1000 करोड़ की लागत से बनकर तैयार हुई 29 किलोमीटर लंबी देवबंद-रूढ़की रेलवे लाइन पर जो अभी अकेली ट्रेन देहरादून-कोटा नंदादेवी एक्सप्रेस संचालित हो रही है, रेल मंत्री अश्विनी वेष्णव ने यात्रियों की मांग पर इसका (ठहराव) देवबंद में करने का महत्वपूर्ण आदेश जारी किया है।
अभी तक यह ट्रेन देवबंद में रूके बिना चल रही थी। देवबंद के स्टेशन अधीक्षक अनिल कुमार ने आज बताया कि यह पूरी ट्रेन एयर कंडीशनर है और इसमें एसी-प्रथम, एसी-द्वितीय और एसी-तृतीय के डिब्बे हैं। यह ट्रेन प्रतिदिन चलती है।
देहरादून से चलकर यह ट्रेन हरिद्वार, रूढ़की, देवबंद, मुजफ्फरनगर, मेरठ, गाजियाबाद होते हुए निजामुद्दीन नई दिल्ली रूकेगी। यह ट्रेन आधी रात के बाद करीब पौने दो बजे देहरादून से देवबंद पहुंचेगी और वापसी में भी निजामुद्दीन से देवबंद करीब दो बजे पहुंचेगी। इस ट्रेन का स्टोपेज देवबंद हो जाने से यहां के यात्रियों को बहुत कम समय में रूढ़की, हरिद्वार और देहरादून यात्रा का सुविधा प्राप्त होगी।
इसी तरह देर रात को और बहुत तड़के करीब साढ़े चार बजे दिल्ली पहुंचने की सुविधा मिल जाएगी। रूढ़की रेल मार्ग के शुरू हो जाने से देवबंद रेलवे स्टेशन जंक्शन बन गया है। रेल मंत्री ने यहां के स्टेशन का सौंदर्यकरण और विस्तारीकरण कराया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित