देहरादून , मई 03 -- उत्तराखंड के देहरादून में देर रात तक संचालित होने वाले पब-बार पर छापेमारी की गई और शराब पीकर वाहन चलाने वाले 35 चालकों को गिरफ्तार कर 38 वाहनों को जब्त कर लिया गया।

राजधानी की कानून-व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त करने के लिए चलाए गए इस विशेष अभियान के दौरान देर रात सड़कों पर संदिग्ध रूप से घूम रहे 600 से अधिक व्यक्तियों की जांच की गई, जिनमें से कई के विरुद्ध आर्थिक दंड की कार्रवाई की गई।

यह पूरी कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून प्रवेंद्र डोभाल की अगुवाई में "ऑपरेशन नाइट स्ट्राइक" के तहत जिला पुलिस बल द्वारा अंजाम दी गई। मुख्यमंत्री के सख्त निर्देशों और पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ के 'ऑपरेशन प्रहार' अभियान के अनुपालन में एसएसपी ने क्षेत्राधिकारी नगर और विभिन्न थानों की टीमों को सक्रिय कर शनिवार और रविवार की दरम्यानी रात यह सघन चेकिंग अभियान चलाया।

अभियान के दौरान कोतवाली क्षेत्र के "बैठक रेस्टोरेंट" और डालनवाला के "डायनेस्टी क्लब 90 बार" को समय सीमा समाप्त होने के बाद भी खुला पाया गया, जिन्हें पुलिस ने तत्काल बंद कराकर उनके संचालकों के खिलाफ पुलिस एक्ट में चालान किया। यातायात नियमों के उल्लंघन पर पुलिस ने कुल 68,500 रुपये का जुर्माना वसूला।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित