देहरादून , जुलाई 28 -- भारी वर्षा के कारण मंगलवार प्रातः उत्तराखंड के देहरादून से हिमाचल, पंजाब जाने वाले मार्ग पर स्थित नंदा की चौकी नामक पुल की टूटी अप्रोच रोड युद्ध स्तर पर मुख्यमंत्री सहित सभी उच्चाधिकारियों के दबाब के बीच देर शाम फिर ठीक कर दी गई। इससे लगभग 6:30 बजे से बाधित यातायात देर शाम फिर यथावत शुरू हो गया।
मुख्यमंत्री के निर्देशों के बाद लोक निर्माण विभाग, जिला प्रशासन एवं संबंधित एजेंसियों ने समन्वित रूप से कार्य करते हुए लगातार अभियान चलाया और मात्र 12 घंटे के भीतर क्षतिग्रस्त एप्रोच रोड की मरम्मत कर मार्ग को पुनः सुचारु रूप से आवागमन के लिए खोल दिया। मार्ग खुलते ही स्थानीय लोगों को राहत मिली तथा आवश्यक सेवाओं का संचालन भी सामान्य हो गया। एक एम्बुलेंस भी बिना किसी बाधा के मरीज को अस्पताल पहुंचाने में सफल रही। श्री धामी ने स्पष्ट कहा है कि आपदा की स्थिति में राहत एवं पुनर्स्थापन कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सभी आवश्यक तकनीकी एवं सुरक्षा उपाय सुनिश्चित किए जाएं।
इस बीच सचिव, लोक निर्माण पंकज पांडेय ने देहरादून के मुख्य अभियंता को एप्रोच रोड के धंसने के मुख्य कारणों की जांच के आदेश दिये हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित