अमरोहा , फरवरी 27 -- उत्तर प्रदेश पुलिस के आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) ने राष्ट्रविरोधी गतिविधियों से जुड़े एक मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए अमरोहा से एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल फोन, आधार कार्ड और पैन कार्ड बरामद किए गए हैं।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान अल्तमश फरीदी पुत्र असकर फरीदी निवासी रजबपुर, जनपद अमरोहा के तौर पर हुई है और वह नेपाल भागने की तैयारी में था।
एटीएस थाना लखनऊ पर दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 14/2025, बीएनएस-2023 की विभिन्न धाराओं के तहत की जा रही जांच के मामले में पूर्व में फरहान नबी सिद्दीकी को 7 नवंबर 2025 को गौतमबुद्ध नगर से गिरफ्तार किया गया था। विवेचना के दौरान अल्तमश फरीदी की भूमिका प्रकाश में आई थी।
एटीएस के मुताबिक आरोपियों द्वारा तुर्की में " हेड " नाम से एक वेबसाइट संचालित की जा रही थी, जिसके माध्यम से कथित रूप से विदेशी नागरिकों से धन एकत्र किया जाता था। जांच एजेंसियों का दावा है कि यह धन हवाला और अन्य माध्यमों से भारत लाकर विभिन्न खातों में स्थानांतरित किया जाता था।
एटीएस का आरोप है कि प्राप्त धन का उपयोग देश की संप्रभुता, एकता और अखंडता के विरुद्ध गतिविधियों तथा धार्मिक वैमनस्यता फैलाने वाले साहित्य के वितरण में किया जा रहा था। साथ ही, रजबपुर क्षेत्र में एक अवैध मदरसे की स्थापना में भी आरोपी की भूमिका की जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित