अलवर , अक्टूबर 11 -- पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं अलवर के पूर्व सांसद जितेंद्र सिंह ने केंद्र सरकार पर तानाशाही का माहौल बनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि देश में 'हिटलर राज' जैसे हालात बन गए हैं।

श्री सिंह ने सीमायें बंद करने और प्रदर्शनकारियों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई को लेकर रविवार को सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि पुलिस महिलाओं के कपड़े फाड़ रही है और लोगों से मारपीट कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार पूरी तरह बौखला गई है और उसे जनता की ताकत का अंदाजा नहीं है।

श्री सिंह ने कहा कि सरकार भूल गई है कि मंत्री, प्रधानमंत्री और सरकार में बैठे लोग जनता के वोट से ही सत्ता तक पहुंचे हैं। उन्होंने चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि सरकार हवा में उड़ रही है, लेकिन जनता उसके हेलीकॉप्टर को उठाकर 10 फुट नीचे गिराने वाली है।

उन्होंने कहा कि यह आंदोलन किसी एक राजनीतिक दल तक सीमित नहीं है, बल्कि जनता का आंदोलन है। विपक्ष की तमाम राजनीतिक दल जनता के साथ खड़े हैं। उन्होंने कहा कि प्रदर्शन को रोकने के लिए जिस तरह सीमा बंद की गई है उससे ऐसा माहौल बनाया जा रहा है मानो कोई आतंकवादी आने वाले हों। संविधान की मर्यादाओं की अनदेखी हो रही है और कानून-व्यवस्था की स्थिति पर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

उन्होंने ऐलान किया कि कांग्रेस अपने पूरे दल-बल के साथ दिल्ली पहुंचेगी। कार्यक्रम में हजारों पार्टी कार्यकर्ताओं और आम लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। श्री सिंह ने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर आंदोलन में शामिल होने का आह्वान करते हुए कहा कि जनता की आवाज को दबाया नहीं जा सकता।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित