नयी दिल्ली , मई 13 -- कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य प्रमोद तिवारी ने बुधवार को कहा कि देश में "राजनीतिक पाखंड चरम पर" पहुंच गया है।
श्री तिवारी ने आरोप लगाया कि एक तरफ मंत्री सरकारी फ्लीट कम करने का दिखावा कर रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ विधायक हजारों गाड़ियों के काफिले निकाल रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार के नेता मेट्रो और ट्रेन में फोटो खिंचवाकर सादगी का प्रदर्शन कर रहे हैं, जबकि सरकारी गाड़ियाँ खाली घूम रही हैं। उन्होंने इसे जनता को गुमराह करने की कोशिश बताया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए श्री तिवारी ने कहा कि सरकार को अपनी आर्थिक नीति सुधारने की जरूरत है। उन्होंने जोर दिया कि विदेश नीति "डर और सहम" की नीति नहीं होनी चाहिए।
कांग्रेस सांसद ने आरोप लगाया कि अमेरिका के सामने झुकने और इजराइल के प्रति अत्यधिक समर्पण दिखाने से देश की अर्थव्यवस्था मजबूत नहीं होगी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय हित सर्वोपरि होना चाहिए और किसी भी राजनीतिक दल का हित देश से ऊपर नहीं रखा जा सकता।
श्री तिवारी ने कहा कि देश को पंडित जवाहरलाल नेहरू , इंदिरा गांधी , राजीव गांधी, अटल बिहारी वाजपई और मनमोहन सिंह की परंपरा के अनुरूप दृढ़ और राष्ट्रीय हित आधारित नीति अपनानी चाहिए। उन्होंने पेट्रोल-डीजल की कीमतों को लेकर भी सरकार पर हमला बोला और कहा कि ईंधन के दाम बढ़ाने का "ड्रामा" लगातार जारी है, लेकिन जनता सब समझ रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित