जयपुर , जुलाई 21 -- राजस्थान के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के व्यवहार से लगता है कि कांग्रेस देश में अराजकता फैलाने का प्रयास कर रही है।
श्री गोदारा ने मंगलवार रात अपने बयान में यह आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि संसद का सत्र चल रहा है और यदि विपक्ष के पास कोई मुद्दा है तो उसे लोकसभा और राज्यसभा में उठाना चाहिए। धरने और विरोध प्रदर्शन की राजनीति जनता के जनादेश का अपमान है। उन्होंने कहा कि जनता ने विपक्ष को अपनी बात संसद में रखने के लिए चुना है, ना कि लोकतांत्रिक संस्थाओं के बाहर राजनीतिक प्रदर्शन करने के लिए।
उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके शासनकाल में लगातार पेपर लीक की घटनाएं होती थी लेकिन उस समय प्रभावी कार्रवाई नहीं की गयी। उन्होंने कहा कि उस दौर में अभ्यर्थियों के आंदोलनों को पुलिस बल के माध्यम से दबाया जाता था जबकि आज कांग्रेस उन्हीं मुद्दों पर राजनीतिक बयानबाजी कर रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि श्री राहुल गांधी विदेशों में भारत के खिलाफ बयान देते हैं और राष्ट्रविरोधी तत्वों के साथ मिलकर देश में अस्थिरता का माहौल बनाने का प्रयास करते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश निरंतर विकास और प्रगति के मार्ग पर आगे बढ़ रहा है तथा वैश्विक स्तर पर देश की प्रतिष्ठा मजबूत हुई है। उन्होंने विश्वास जताया कि कांग्रेस की नकारात्मक राजनीति को देश की जनता कभी स्वीकार नहीं करेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित