नयी दिल्ली , मार्च 04 -- गिले-शिकवे मिटाकर एक-दूसरे को गले लगाने और खुशियां बिखेरते हुए रंगों से सराबोर कर देने का त्योहार होली बुधवार को देश भर में पूरे हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।

इस वर्ष चंद्रग्रहण के कारण होलिका दहन सोमवार को ही कर दिया गया था और बुधवार को होली मनायी गयी।

होली के दिन लोगों ने रंग और गुलाल लेकर घरों से निकल कर पड़ोसियों और रिश्तेदारों पर रंग एवं गुलाल डालकर खुशियों का इजहार किया।देश में होली मिलन कार्यक्रम करीब एक सप्ताह तक चलते हैं।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोक सभा में विपक्ष के नेताराहुल गांधी ने होली के पावन असर पर देशवासियों को शुभकामनायें दी हैं।

श्रीमती मुर्मु ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा, "सभी देशवासियों को मेरी ओर से होली की हार्दिक शुभकामनाएं। रंगों का यह त्योहार लोगों के जीवन में प्रेम और आशा का संचार करता है तथा आपसी एकता एवं भाईचारे को मजबूत करता है। मेरी कामना है कि यह पर्व सबके जीवन में खुशियां लेकर आए।"श्री मोदी ने एक्स पर लिखा, " सभी देशवासियों को होली की अनंत शुभकामनाएं। रंग और उमंग से भरा यह त्योहार सबके लिए खुशियों की बहार लेकर आये। हर किसी के जीवन में सुख-समृद्धि और सफलता के रंगों की बौछार हो, यही कामना है।"श्री खरगे ने कहा, "होली हमारे बहुरंगी, बहु-सांस्कृतिक समाज की आत्मा को अभिव्यक्त करने वाला पर्व है। यह विविधताओं में एकता, आपसी सद्भाव और भाईचारे की उस परंपरा का उत्सव है, जो सदियों से हमारी सभ्यता की पहचान रही है। दूरियों को मिटाने वाले इस उल्लासपूर्ण अवसर पर आप सभी को होली की हार्दिक शुभकामनाएं। आपका जीवन सदैव खुशियों के रंगों से सराबोर रहे।"श्री गांधी ने कहा, "रंगों और मोहब्बत के पर्व होली की आप सभी को हार्दिक शुभकामनाएं। होली के रंग आप सभी के जीवन को नयी आशाओं, नये उमंग और अनगिनत खुशियों से भर दें।"कांग्रेस महासचिव एवं सांसद प्रियंका गांधी ने कहा, " उमंग, उत्साह, उल्लास, मिठास एवं बंधुत्व के विविध रंगों से सराबोर मेलजोल के महापर्व होली की हार्दिक शुभकामनाएं। होली अपने परिवार, दोस्त और समाज के साथ-साथ सबको प्रेम से गले लगाने का महापर्व है। सबको गले लगाइए एवं सबके साथ खुशियां बांटिए। सभी देशवासियों के लिए होली शुभ हो।"उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी प्रदेशवासियों को होली की शुभकामनायें दी हैं। उन्होंने कहा कि यह उत्सव समाज में सद्भाव,सौहार्द और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है। होली का पर्व हमें सभी भेदभाव भुलाकर एक-दूसरे के साथ खुशियां बांटने और सामाजिक एकता को मजबूत करने की प्रेरणा देता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित