नयी दिल्ली , जून 03 -- आम आदमी पार्टी (आप) ने कहा है कि मोदी सरकार में देश के आर्थिक हालात इतने बदतर हो चुके हैं कि सरकार को अब देश का सोना बेचना पड़ा रहा है।

आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं ने देश का सोना बेचने पर न सिर्फ मोदी सरकार पर तीखा हमला बोला है, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से देश के आर्थिक हालात भी जनता के सामने रखने की मांग की है। ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट को साझा करते हुए श्री केजरीवाल ने कहा कि पिछले 76 साल में कई ऐसे मौके आए जब देश कठिन स्थिति में था लेकिन देश का सोना तो कभी नहीं बेचा गया। इसका मतलब हालात बहुत ज़्यादा ख़राब हैं? सरकार कुछ बताती क्यों नहीं? देश के क्या हालात हैं? मोदी जी कहते हैं कि वो तो झोला उठा के चल देंगे। पर हमें तो यहीं रहना है, इसी देश में रहना है।

आप के वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया ने कहा कि कुछ दिन पहले तक देश को समझाया जा रहा था कि सोना मत बेचो, सोना भविष्य की सुरक्षा है। अब ब्लूमबर्ग की इस रिपोर्ट में खुलासा हो रहा है कि प्रधानमंत्री ने खुद ही देश का सोना बेच डाला। अगर देश को चलाने के लिए सोने का भंडार बेचने की मजबूरी जैसे हालात बन गए हैं, जो भारत के इतिहास में कभी नहीं हुआ, तो देश को साफ-साफ बताया जाना चाहिए कि आर्थिक हालात क्या हैं। सरकार सामने आए और सच बताए। देश को प्रचार नहीं, पारदर्शिता चाहिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित