नयी दिल्ली , अगस्त 31 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर दलित और पिछड़ा समाज के लोगों के सम्मान के प्रति असंवेदनशील होने का आरोप लगाया है और कहा है कि कांग्रेस के नेता देश के सर्वोच्च पद पर बैठे दलित समुदाय के व्यक्ति का भी अपमान करने से गुरेज नहीं करते हैं।

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने सोमवार को यहां पार्टी मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कुछ तथ्य रखे कि उनका अपमान हुआ है, लेकि श्री गांधी तीन सफ्ताह तक सोते रहे और उन्होंने इस मामले को गंभीरता से नहीं लिया। उन्होंने कहा कि तीन सप्ताह बाद श्री गांधी ने इस मामले को लेकर भाजपा पर आरोप लगाया।

उन्होंने कहा कि श्री गांधी के पास विश्व भ्रमण के लिए समय है, लेकिन दलित या पिछड़े समाज से कोई व्यक्ति अगर आरोप लगाता है, तो उस आरोप पर गौर करने के लिए श्री गांधी के पास समय नहीं होता है। भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि जो कांग्रेस देश के सर्वोच्च पद पर बैठे दलित समाज के व्यक्ति का अपमान करने से गुरेज नहीं करती है, उसे इस मुद्दे पर भाजपा पर आरोप लगाने का हक नहीं है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के सदस्य उदित राज ने पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के लिए कहा था कि श्री कोविंद आप समाज के लिए कलंक है। क्या श्री गांधी ने इस पर एक शब्द भी बोला था?श्री भाटिया ने कहा कि उसके बाद अनुसूचित जनजाति से आने वाली देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के लिए श्री उदित राज ने कहा कि इनके जैसा राष्ट्र्पति किसी देश को न मिले, चमचागिरी की भी हद है। उन्होंने कहा कि यह कांग्रेस का संस्कार है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित