जोधपुर , अगस्त 09 -- केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कांग्रेस पर दलित समाज का शोषण करने का आरोप लगाते हुए कहा है कि जिस समाज ने कांग्रेस को दशकों तक सत्ता में रखा, उसी को उसने हमेशा छला।
श्री शेखावत ने रविवार देर शाम संत शिरोमणि सद्गुरु रविदास महाराज के 650वें प्राकट्य वर्ष के अवसर पर भाजपा की ओर से आयोजित 'समता समरसता संकल्प अभियान' की जनसभा को संबोधित करते हुए यह बात कही।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने झूठे वादों, भय और जातिगत विभाजन के जरिये केवल सत्ता का सुख भोगा, जबकि दलित और गरीब बुनियादी सुविधाओं से वंचित रहे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार देश के संसाधनों पर पहला अधिकार अल्पसंख्यकों का मानती थी, वहीं वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने स्पष्ट किया कि संसाधनों पर पहला हक दलित, पीड़ित, शोषित, गरीब और वंचित वर्ग का है।
वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने संविधान और आरक्षण खत्म होने की भ्रामक अफवाह फैलायी, जबकि भाजपा अंत्योदय और बाबा साहब के विचारों पर चलने वाली पार्टी है। उन्होंने आंकड़े देते हुए बताया कि 2014 तक देश की 62 प्रतिशत आबादी के पास शौचालय नहीं थे, जिनमें 80 प्रतिशत दलित एवं वंचित वर्ग से थे।
श्री शेखावत ने कहा कि कांग्रेस ने न तो बाबा साहब का सम्मान किया और न ही संत रविदास जी के स्थलों की सुध ली। इसके विपरीत, मोदी सरकार ने बाबा साहब से जुड़े स्थलों को 'पंचतीर्थ' के रूप में विकसित किया तथा सागर व वाराणसी में संत रविदास जी के भव्य स्मारक बनवाए। सरकार गुरु रविदास जी की 'बेगमपुरा' (भेदभावरहित समाज) की परिकल्पना को धरातल पर साकार कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित