नयी दिल्ली , अगस्त 06 -- युवा कांग्रेस ने गुरुवार को यहां ताज होटल के बाहर प्रदर्शन किया और कहा कि उनका मकसद मेटा की ग्लोबल टीम को यह संदेश देना है कि भारत के छात्रों की आवाज को दबाया नहीं जा सकता।

युवा कांग्रेस के प्रवक्ता वरुण पांडे ने यह जानकारी देते हुए बताया कि संगठन के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन के जरिए मेटा की ग्लोबल टीम को यह स्पष्ट संदेश दिया है कि छात्र आंदोलनों से जुड़े वीडियो और सरकार से सवाल पूछने वाली आवाजों को हटाना लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। संगठन का आरोप है कि छात्र विरोध प्रदर्शनों के वीडियो और सरकार से सवाल पूछने वाली सामग्री हटाई जा रही है, जबकि नफरत और प्रोपेगैंडा से जुड़ी सामग्री को नहीं हटाया जा रहा।

संगठन ने कहा कि मोदी सरकार के कहने पर भारतीय नागरिकों की आवाज को सेंसर करना बंद किया जाना चाहिए। उसका आरोप है कि कॉमेडी, व्यंग्य, राजनीतिक नारों और सरकार की आलोचना करने वाली पोस्ट तेजी से हटाई जा रही हैं। युवा कांग्रेस का कहना है कि यह केवल कुछ पोस्ट हटाने का मामला नहीं, बल्कि भारतीयों के बोलने, आलोचना करने, असहमति जताने और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के अधिकार का प्रश्न है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित