नयी दिल्ली , अगस्त 20 -- देश के नौ प्रमुख उद्योगों का उत्पादन जुलाई में सालाना आधार पर 5.4 प्रतिशत बढ़ा है।
यह जून 2026 में 6.0 प्रतिशत और पिछले साल जुलाई में 3.2 प्रतिशत रहा था।
वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय द्वारा गुरुवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, लौह अयस्क, सीमेंट, कोयला, बिजली, स्टील और रिफाइनरी उत्पादों का उत्पादन जुलाई में बढ़ा है। वहीं, उर्वरक, कच्चे तेल और प्राकृतिक गैस के उत्पादन में सालाना गिरावट देखी गयी।
एक साल पहले के मुकाबले लौह अयस्क का उत्पादन जुलाई में 29.5 प्रतिशत बढ़ा। सीमेंट क्षेत्र में 13.1 फीसदी और बिजली में नौ फीसदी की तेजी दर्ज की गयी। कोयले का उत्पादन 7.6 प्रतिशत और इस्पात का 2.9 प्रतिशत बढ़ा। रिफाइनरी उत्पादों के उत्पादन में 2.7 प्रतिशत की वृद्धि दर्जी की गयी।
उर्वरकों का उत्पादन लगातार पांचवें महीने घटा है। कच्चे तेल के उत्पादन में लगातार 19वीं महीने और प्राकृतिक गैस में 25वें महीने गिरावट देखी गयी है। इनमें क्रमशः आठ प्रतिशत, 5.3 प्रतिशत और 3.7 प्रतिशत की गिरावट रही।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित