मुजफ्फरपुर , जून 03 -- बिहार के सूचना एवं जन-सम्पर्क विभाग एवं ग्रामीण विकास विभाग के मंत्री सह जनता दल यूनाइटेड (जदयू) विधायक दल के नेता श्रवण कुमार ने बुधवार को कहा कि प्रख्यात समाजवादी नेता एवं पूर्व केंद्रीय रक्षा मंत्री स्वर्गीय जॉर्ज फर्नांडिस देश की सुरक्षा और लोकतंत्र के सच्चे प्रहरी थे। मुजफ्फपुर स्थित सिटी पार्क में पूर्व केन्द्रीय रक्षामंत्री, सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्म विभूषण से सम्मानित स्वर्गीय जॉर्ज फर्नांडिस साहब की जयंती राजकीय समारोह के तौर पर मनाई गई।
इस अवसर पर मंत्री श्रवण कुमार ने स्व. जॉर्ज फर्नांडिस की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की और उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि जॉर्ज फर्नांडिस का जीवन राष्ट्र निर्माण, लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा और सामाजिक न्याय के प्रति समर्पित रहा। उन्होंने आपातकाल के विरोध से लेकर रक्षा मंत्रालय तक अपने कार्यकाल में कई ऐतिहासिक योगदान दिए।
मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि उनका सम्पूर्ण जीवन लोकतंत्र, समानता और जनसेवा के आदर्शों का प्रतीक रहा है और उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।
कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने भी स्व. जॉर्ज फर्नांडिस के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित