अलवर , जुलाई 10 -- राजस्थान के शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने शुक्रवार को कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की कोई अलग विचारधारा नहीं है तथा देश की जो विचारधारा है, वही संघ की विचारधारा है।

श्री दिलावर ने यहां पत्रकारों से कहा कि वह संघ की विचारधारा से आते हैं और सरकार में उसे लागू करने का प्रयास करते हैं, लेकिन हकीकत में हो नहीं पाते। देशवासी चाहते हैं कि भारत सुरक्षित रहे, देश का सम्मान बढ़े, सर्वांगीण विकास हो, लोगों को रोजगार मिले और भारत आत्मनिर्भर बने। उन्होंने कहा कि सरकार इन्हीं उद्देश्यों को लेकर काम कर रही है और "लोगों के विचार ही संघ के विचार होते हैं।"राज्य मंत्रिमंडल के संभावित विस्तार और कुुछ मंत्रियों के बदले जाने की चर्चाओं पर शिक्षा मंत्री ने कहा कि मंत्रिमंडल विस्तार मुख्यमंत्री का विशेषाधिकार है। इस संबंध में वही निर्णय लेते हैं कि कब और किस प्रकार विस्तार करना है, इसलिए इस विषय पर मुख्यमंत्री ही बेहतर जवाब दे सकते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित