नयी दिल्ली , मई 15 -- दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को कहा कि नयी दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) क्षेत्र देश की प्रशासनिक तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था का केंद्र है और यहां कार्यरत कर्मचारी राजधानी की छवि को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

श्रीमती गुप्ता ने आज यहां एक समारोह मे अनुकंपा के आधार पर नियुक्त कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र तथा संविदा कर्मचारियों को मेडिकल हेल्थ कार्ड प्रदान किए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि एनडीएमसी केवल एक संस्था नहीं, बल्कि एक परिवार है, जहां जनप्रतिनिधि, अधिकारी और कर्मचारी मिलकर देश की सेवा में लगे लोगों की सेवा करते हैं। एनडीएमसी क्षेत्र देश की प्रशासनिक और लोकतांत्रिक व्यवस्था का केंद्र है और यहां कार्यरत कर्मचारी राजधानी की छवि को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने एनडीएमसी की सराहना करते हुए कहा कि उनके निरंतर प्रयासों से आज 109 परिवारों को अनुकंपा नियुक्ति के रूप में नई आशा मिली है। उन्होंने कहा कि यह केवल नौकरी नहीं, बल्कि परिवारों के भविष्य को संबल देने वाला जीवनभर का सहारा है। मुख्यमंत्री ने खुशी जताई कि नियुक्ति प्राप्त करने वालों में लगभग 90 महिलाएं शामिल हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी चयनित अभ्यर्थी पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य कर "विकसित भारत, विकसित दिल्ली" के संकल्प को मजबूत करेंगे।

मुख्यमंत्री ने यह कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार "सबका साथ, सबका विकास" के मंत्र के साथ संवेदनशील और पारदर्शी शासन व्यवस्था देने के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि किसी भी कर्मचारी, अधिकारी या सामान्य नागरिक के साथ अन्याय न हो और उसे सभी आवश्यक सुविधाएं सम्मानपूर्वक मिलें।

दिल्ली सरकार के मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने कहा कि दिवंगत कर्मचारियों के आश्रितों को नियुक्ति पत्र प्रदान करना तथा संविदा कर्मचारियों को मेडिकल कार्ड सुविधा उपलब्ध कराना, एनडीएमसी द्वारा सामाजिक कल्याण की दिशा में उठाए गए महत्वपूर्ण कदम हैं। उन्होंने कहा कि इन पहलों से दिवंगत कर्मचारियों के परिवारों के आश्रितों के चेहरों पर खुशी आई है तथा संविदा कर्मचारियों को यह भरोसा मिला है कि अब चिकित्सा आपातकाल की स्थिति में उन्हें अतिरिक्त आर्थिक बोझ नहीं उठाना पड़ेगा।

एनडीएमसी के अध्यक्ष केशव चंद्रा ने अपने स्वागत भाषण में कहा कि 109 कर्मचारियों को अनुकंपा के आधार पर नियुक्ति पत्र वितरित किया जाना, परिषद के प्रति वर्षों तक सेवा देने वाले दिवंगत कर्मचारियों के परिवारों को सम्मान, आर्थिक स्थिरता एवं भावनात्मक सहयोग प्रदान करने के प्रति एनडीएमसी की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि यह पहल कठिन समय में कर्मचारियों एवं उनके परिवारों के साथ मजबूती से खड़े रहने की एनडीएमसी की भावना का प्रतीक है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित