रायपुर , अगस्त 25 -- छत्तीसगढ़ में देश की पहली राज्य स्तरीय हॉकी लीग का आयोजन किया जाएगा। हॉकी इंडिया से मान्यता प्राप्त 'छत्तीसगढ़ हॉकी लीग' के पहले सीजन में छह टीमें हिस्सा लेंगी और इसके मुकाबले राजधानी रायपुर के सरदार वल्लभ भाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में खेले जाएंगे।
उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने मंगलवार को यहां नवीन विश्राम भवन में आयोजित कार्यक्रम में लीग के लोगो, टैगलाइन और शुभंकर का अनावरण किया। लीग के मुकाबले 21 अक्टूबर से एक नवंबर तक आयोजित किए जाने प्रस्तावित हैं।
श्री साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ में हॉकी की समृद्ध परंपरा रही है और राज्य में अनेक प्रतिभाशाली खिलाड़ी मौजूद हैं। यह लीग राज्य की युवा हॉकी प्रतिभाओं को बड़ा मंच उपलब्ध कराने के साथ उन्हें देश के श्रेष्ठ खिलाड़ियों के साथ खेलने और उनसे सीखने का अवसर देगी। उन्होंने कहा कि लीग प्रदेश के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर के अनुभव और प्रतिस्पर्धी वातावरण से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
उन्होंने बताया कि लीग को हॉकी इंडिया लीग की तर्ज पर पेशेवर और व्यावसायिक स्वरूप में आयोजित किया जाएगा। पहले सीजन में राज्य के विभिन्न क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व करने वाली छह टीमें राजधानी रॉयल्स, चित्रकूट चैलेंजर्स, संस्कारधानी स्ट्राइकर्स, चक्रधर चैंपियंस, न्यायधानी नाइट्स और मैनपाट टाइटन्स मैदान में उतरेंगी।
प्रतियोगिता में सभी छह टीमें लीग मुकाबले खेलेंगी। अंक तालिका में शीर्ष चार स्थान हासिल करने वाली टीमें सेमीफाइनल में प्रवेश करेंगी और इसके बाद फाइनल मुकाबले में विजेता का फैसला होगा। सभी मैचों के लिए अंपायर और तकनीकी अधिकारी हॉकी इंडिया द्वारा नियुक्त किए जाएंगे।
लीग का लोगो छत्तीसगढ़ के मानचित्र पर आधारित है। इसमें केसरिया और हरे रंग के माध्यम से भारतीयता की भावना को दर्शाया गया है। लीग की टैगलाइन 'चलव रे संगी, हॉकी खेलबो' रखी गई है, जबकि 'बघवा' नामक बाघ को आधिकारिक शुभंकर बनाया गया है। शुभंकर प्रदेश की वन्यजीव विरासत के साथ साहस, शक्ति और निडरता का प्रतीक है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित