पटना , जून 25 -- प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने गुरुवार को कहा कि देश की परीक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए कांग्रेस 'छात्रों की गूंज' नामक विशेष अभियान का शुभारंभ कर रही है।
श्री राम ने आज इस अभियान के संयोजक और नेशनल कोर ग्रुप के सदस्य श्री अनुपम के साथ संयुक्त रूप से संवाददाताओं से कहा कि देश की शिक्षा व्यवस्था को केंद्र की भाजपा नेतृत्व वाली सरकार ने पहले ही अधर में लटका रखा था और अब पेपर लीक के चलते विद्यार्थियों के भविष्य को और भी अंधकारमय बना दिया है। उन्हों कहा कि कांग्रेस देश भर के छात्रों की आवाज़ को व्यापक मंच देने, शिक्षा व्यवस्था और परीक्षा प्रणाली में सुधार की माँग को लेकर राष्ट्रव्यापी अभियान 'छात्रों की गूंज' नामक अभियान का शुभारंभ कर रही है,जिसका पहले चरण 30 जून को शुरू होकर आगामी 09 अगस्त को समाप्त होगा।
श्री राम ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री परीक्षा पर चर्चा तो करते हैं, लेकिन साथ ही उनके कार्यकाल में पेपर लीक जैसी घटनाएँ युवाओं का भविष्य बर्बाद कर रही हैं। उन्होंने कहा कि ऐसा लगता है कि प्रधानमंत्री को इसका कोई अफ़सोस भी नहीं है। उन्होंने कहा कि इस मामले में प्रधानमंत्री ने देश के शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान से नैतिकता के आधार पर इस्तीफा तक नहीं माँगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता राहुल गांधी इस मुद्दे पर लगातार संघर्ष कर छात्रों के हक की लड़ाई लड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि इसी के तहत उनकी पार्टी लगातार परीक्षार्थियों के हक के लिए और लीक प्रूफ परीक्षा की मांग को लेकर संघर्ष कर रही है।
अभियान के संयोजक और नेशनल कोर ग्रुप के सदस्य अनुपम ने कहा कि यह सिर्फ शिक्षा का मुद्दा नहीं है. बल्कि नौकरी, रोजगार और युवाओं के भविष्य के साथ उनके परिवारों की उम्मीदों का मुद्दा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित