रायपुर , नवंबर 08 -- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को छत्तीसगढ़ के बस्तर स्थित करनपुर कोबरा ऑपरेशंस बेस में सुरक्षा बलों के साथ दिवाली मनाई और कहा कि यह पहली दिवाली है, जब देश का हर जिला नक्सलवाद से मुक्त हो चुका है।
उन्होंने कहा कि पिछले एक साल में ड्यूटी के दौरान केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के एक भी जवान की जान नहीं गई। पिछले 47 साल में ऐसा पहली बार हुआ है। यह देश की सही नीतियों, मजबूत इच्छाशक्ति और जवानों के साहस का परिणाम है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि नक्सल प्रभावित इलाकों में सुरक्षा अभियानों के साथ विकास कार्यों पर भी जोर दिया गया। इससे प्रभावित क्षेत्रों के लोगों का जीवन बदला और नक्सलवाद के पीड़ित भी सरकार तथा सुरक्षा बलों के साथ मजबूती से खड़े हुए। उन्होंने बताया कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में 15 हजार किलोमीटर से अधिक सड़कें, 9,500 से ज्यादा मोबाइल टावर और करीब 175 एकलव्य स्कूल बनाए गए हैं।
श्री मोदी ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश ने नक्सलवाद के साथ गरीबी के खिलाफ भी बड़ी लड़ाई लड़ी है। वर्ल्ड बैंक की रिपोर्ट का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इस अवधि में 50 करोड़ भारतीय अत्यधिक गरीबी से बाहर आए हैं। उन्होंने बस्तर ओलंपिक का उदाहरण देते हुए कहा कि आज यहां के बच्चे बंदूकों की जगह खेलों में अपनी प्रतिभा दिखा रहे हैं। प्रधानमंत्री ने सुरक्षा बलों के बलिदान और सेवा भावना की सराहना करते हुए विकसित भारत के निर्माण में उनके योगदान को अहम बताया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित