भोपाल , जून 16 -- देशविरोधी गतिविधियों और कथित आतंकी नेटवर्क से जुड़े मामले में गिरफ्तार मोहम्मद फराज और नईम अब्दुल्ला को मंगलवार को विशेष न्यायाधीश डॉ. मुकेश मलिक की अदालत में पेश किया गया। अदालत ने फराज को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया, जबकि नईम अब्दुल्ला को चार दिन के लिए एटीएस रिमांड पर सौंप दिया।
अभियोजन पक्ष के अनुसार एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (एटीएस) ने अदालत को बताया कि मामले की जांच जारी है और आरोपी नईम से पूछताछ के लिए अतिरिक्त समय की आवश्यकता है। जांच एजेंसी उससे कथित नेटवर्क, डिजिटल संपर्कों, विदेशी कनेक्शनों और अन्य संदिग्ध गतिविधियों के संबंध में पूछताछ करेगी।
एटीएस के अनुसार मामले में अब तक भोपाल से मोहम्मद फराज, देवबंद से नईम अब्दुल्ला, राजस्थान के अलवर से शाकिर मेव तथा धार से हाजी अजहर को गिरफ्तार किया जा चुका है। वहीं हरियाणा के नूंह से एक संदिग्ध को पूछताछ के लिए भोपाल लाया गया है।
जांच एजेंसी पूरे नेटवर्क, डिजिटल रिकॉर्ड, विदेशी संपर्कों और आर्थिक लेन-देन की जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि टेलीग्राम और व्हाट्सएप समूहों के माध्यम से युवाओं को जोड़ने के प्रयास किए जा रहे थे।
एटीएस के अनुसार मोहम्मद फराज सोशल मीडिया मंचों के जरिए युवाओं को जोड़ने और संदिग्ध गतिविधियों से संबंधित वीडियो साझा करने के लिए समूह संचालित करता था। वह पिछले लगभग चार वर्षों से डिजिटल गतिविधियों में सक्रिय बताया गया है। जांच एजेंसी अब डिजिटल गतिविधियों, संभावित विदेशी वित्तपोषण और पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं की पड़ताल कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित