नयी दिल्ली , फरवरी 16 -- प्रशासनिक सुधार और लोक शिकायत विभाग (डीएआरपीजी) ने सोमवार को राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए केंद्रीकृत लोक शिकायत निवारण एवं निगरानी प्रणाली (सीपीजीआरएएमएस) की 42वीं मासिक रिपोर्ट (जनवरी 2026) जारी की।
रिपोर्ट में देशभर में दर्ज लोक शिकायतों की प्रकृति, निस्तारण की स्थिति और राज्यों के प्रदर्शन का विस्तृत विश्लेषण प्रस्तुत किया गया है।
रिपोर्ट के अनुसार जनवरी 2026 के दौरान राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से कुल 71,714 लोक शिकायत (पीजी) मामले प्राप्त हुए, जिनमें से 64,702 मामलों का निवारण कर दिया गया। जिसमें उत्तर प्रदेश ने सबसे अधिक 24,049 शिकायतों का निपटान कर शीर्ष स्थान प्राप्त किया, जबकि गुजरात 6,065 मामलों के निपटान के साथ दूसरे स्थान पर रहा। गत 31 जनवरी तक सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में कुल 1,78,674 शिकायतें लंबित थीं और 22 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों में प्रत्येक के यहां 1,000 से अधिक शिकायतें लंबित पाई गईं।
रिपोर्ट के अनुसार जनवरी 2026 में विभिन्न माध्यमों से 67,728 नए उपयोगकर्ताओं ने सीपीजीआरएएमएस पोर्टल पर पंजीकरण कराया, जिनमें से 11,172 पंजीकरण उत्तर प्रदेश से हुए। इसी अवधि में फीडबैक कॉल सेंटर ने 68,727 फीडबैक एकत्र किए, जिनमें 25,259 राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों से संबंधित थे।
सीपीजीआरएएमएस को कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) पोर्टल से जोड़ा गया है, जो देशभर के 5 लाख से अधिक केंद्रों और लगभग ढाई लाख ग्राम स्तरीय उद्यमियों (वीएलई) के नेटवर्क से संचालित होता है। जनवरी 2026 में सीएससी के माध्यम से कुल 13,605 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें कर्नाटक से सर्वाधिक शिकायतें प्राप्त हुईं, जो कुल का लगभग 61 प्रतिशत रहीं।
डीएआरपीजी ने प्रशासनिक क्षमता बढ़ाने के प्रयासों की भी जानकारी दी। जिसके अनुसार वित्त वर्ष 2022-23 से 2025-26 (31 जनवरी 2026 तक) के बीच कुल 1,034 प्रशिक्षण पाठ्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें 34,812 अधिकारियों को प्रशिक्षित किया गया। इनमें 2024-25 में सबसे अधिक 319 प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित हुए और 10,881 अधिकारियों ने प्रशिक्षण प्राप्त किया।
रिपोर्ट में बताया गया कि वरिष्ठ स्तर पर समीक्षा को सुदृढ़ करने के लिए 06 जून 2025 से एक समर्पित समीक्षा मॉड्यूल लागू किया गया है। इसके अलावा 29 जनवरी 2026 को डीएआरपीजी के अपर सचिव की अध्यक्षता में मासिक समीक्षा बैठक भी आयोजित की गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित