नयी दिल्ली , सितंबर 10 -- राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने संगठित सोना तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए हाल के दिनों में देशभर में छह अलग-अलग अभियानों में करीब 41 किलोग्राम विदेशी मूल का सोना जब्त किया है जिसकी अनुमानित कीमत करीब 62 करोड़ रुपये है।
वित्त मंत्रालय की ओर से गुरुवार को बताया गया कि डीआरआई की इन कार्रवाइयों में तीन विदेशी नागरिकों समेत कुल 24 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। जांच में हवाई अड्डों, रेल मार्गों और भारत-बंगलादेश सीमा के जरिए संचालित संगठित तस्करी नेटवर्क तथा सोना छिपाने के नये तरीकों का खुलासा हुआ है।
मंत्रालय ने बताया कि दिल्ली में सात सितंबर को डीआरआई ने विदेशी सोने की खरीद और उसे विभिन्न रूपों में बदलने से जुड़े व्यक्ति के ठिकानों पर एक साथ तलाशी ली।आवासीय परिसर में सोना पिघलाने, रोलिंग और डाई-कटिंग के लिए मशीनों से लैस निर्माण सुविधा मिली। यहां एक-एक किलोग्राम वजन की विदेशी मूल की चार सोने की छड़ें और तस्करी के सोने से बनायी गयी करीब 6.2 किलोग्राम सोने की चेन बरामद हुईं। कुल करीब 10.2 किलोग्राम सोना जब्त किया गया और निर्माण सुविधा के मालिक को गिरफ्तार कर लिया गया। आठ सितंबर को दिल्ली में ही पंजाब से आ रहे एक वाहन को रोककर 1.21 किलोग्राम सोना और करीब 43.50 लाख रुपये मूल्य की विदेशी मुद्रा बरामद की गयी तथा एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया।
डीआरआई ने पांच-छह सितंबर को बीएसएफ के साथ संयुक्त अभियान में भारत-बंगलादेश सीमा पर हलदरपाड़ा के पास एक व्यक्ति से विदेशी मूल की 89 सोने की छड़ें बरामद कीं, जिनका वजन करीब 11.3 किलोग्राम था। वहीं, पश्चिम बंगाल के हावड़ा रेलवे स्टेशन पर तीन-चार सितंबर को अलग नाम से यात्रा कर रहे एक यात्री से शरीर के चारों ओर विशेष रूप से तैयार कपड़े की बेल्ट में छिपाकर रखी गयी 4.6 किलोग्राम की चार विदेशी सोने की छड़ें बरामद हुईं। जांच में पता चला कि सोने को पिघलाकर पहचान मिटाने के बाद मुंबई भेजा जाना था। यात्री और उसके सहयोगी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
मुंबई में डीआरआई ने हवाई अड्डे के कर्मचारियों और ट्रांजिट यात्रियों की मिलीभगत वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया। कार्रवाई के दौरान सोने की धूल को मोम के रूप में छिपाकर रखे गए आठ कैप्सूल बरामद हुए, जिनका कुल शुद्ध वजन 3.47 किलोग्राम था। इस मामले में दो ट्रांजिट यात्रियों, दो एयरपोर्ट कर्मचारियों और एक रिसीवर समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा कोलकाता से मुंबई जा रही ट्रेन के एक यात्री से 1.6 किलोग्राम विदेशी सोना और हांगकांग से आयातित ट्रेडमिल की मोटर में छिपायी गयी करीब 700 ग्राम की 24 कैरेट सोने की छड़ भी बरामद की गयी। फॉलो-अप तलाशी में मुंबई, चेन्नई, तिरुवल्लूर और चेंगलपट्टू से तस्करी में इस्तेमाल मशीनें और उपकरण मिले तथा दो लोगों, जिनमें एक चीनी नागरिक भी शामिल है, को गिरफ्तार किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित