चम्पावत , अगस्त 18 -- उत्तराखंड के कुमाऊं का प्रसिद्ध धार्मिक एवं पर्यटन स्थल देवीधुरा में पार्किंग की समस्या के समाधान की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है।
चंपावत जिले के पाटी तहसील के ग्राम देचमार में 9.80 करोड़ की प्रस्तावित मल्टी लेवल पार्किंग के निर्माण को सैद्धांतिक स्वीकृति मिल गई है। अब प्रस्ताव वित्त विभाग को भेजा जाएगा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार इस परियोजना के तहत 83 कारों की पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा पार्किंग परिसर में पर्याप्त शौचालय और केयरटेकर रूम भी बनाया जायेगा। परियोजना का उद्देश्य बग्वाल मेले सहित वर्षभर देवीधुरा आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को पार्किंग सुविधा उपलब्ध कराना तथा सड़क किनारे वाहनों के चलते होने वाले जाम से निजात दिलाना है।
बताया जा रहा है कि मंगलवार को सचिव आवास एवं राज्य संपत्ति विभाग डॉ. आर. राजेश कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में परियोजना के तकनीकी, वित्तीय और भूमि संबंधी पहलुओं पर चर्चा की गई। बैठक में क्षेत्र की जरूरत को देखते हुए प्रस्ताव में बदलाव करते हुए दोपहिया पार्किंग, दुकानों और कैफे का प्रावधान हटाने तथा मुख्य रूप से कार पार्किंग पर फोकस करने के निर्देश दिए गए।
परियोजना के लिए पहले 994.80 लाख रुपये का आगणन तैयार किया गया था। पांच करोड़ रुपये से अधिक की लागत होने के कारण नियोजन विभाग के तकनीकी संप्रेक्षा प्रकोष्ठ (टीएसी) से परीक्षण कराया गया। परीक्षण के बाद 980.23 लाख रुपये की लागत को औचित्यपूर्ण पाया गया।
पार्किंग के लिए ग्राम देचमार पट्टी देवीधुरा में 0.88 हेक्टेयर पंचायत वन भूमि चिन्हित की गई है। वन विभाग की ओर से भी प्रकरण पर सैद्धांतिक स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है।
सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने कहा कि देवीधुरा में मल्टी लेवल पार्किंग क्षेत्र की महत्वपूर्ण आवश्यकता है। इससे ऐतिहासिक बग्वाल मेले सहित अन्य अवसरों पर बढ़ने वाले यातायात दबाव को व्यवस्थित करने में मदद मिलेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित