अजमेर , अक्टूबर 19 -- राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर महानवमी सोमवार को अजमेर शहर एवं आसपास स्थित नौ देवी मंदिरों में दर्शन कर पूजा-अर्चना की।
श्री देवनानी ने मंदिरों में दर्शन कर मां दुर्गा से प्रदेश एवं शहरवासियों की सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की मंगलकामना की। इस अवसर पर उन्होंने देश के युवाओं में सृजनात्मक शक्ति का विकास होने, उन्हें अराजकता से दूर रहकर राष्ट्र की उन्नति एवं समृद्धि में योगदान देने की प्रेरणा मिलने तथा संवैधानिक संस्थाओं के प्रति सम्मान की भावना निरंतर सुदृढ़ होने की कामना की।
उन्होंने वरुण सागर रोड स्थित चामुंडा माता मंदिर, पुष्कर रोड स्थित नौसर माता मंदिर, भक्ति धाम स्थित माताजी मंदिर, नगीना बाग स्थित जत्तोई दरबार, बजरंगगढ़ स्थित अंबे माता मंदिर, चांद बावड़ी स्थित काली माता मंदिर, रामगंज स्थित काली माता मंदिर, आनासागर पुलिस चौकी के सामने स्थित चामुंडा माताजी मंदिर तथा वरुण सागर रोड स्थित काली माता मंदिर में दर्शन किए। उन्होंने सभी मंदिरों में पूजा-अर्चना कर मां के चरणों में शीश नवाया तथा जनकल्याण की प्रार्थना की।
श्री देवनानी ने कहा कि भारतीय सनातन संस्कृति में नवरात्रि का विशेष महत्व है। यह पर्व शक्ति, अध्यात्म, श्रद्धा और सांस्कृतिक परंपराओं का प्रतीक है। नौ दिनों तक मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की आराधना के माध्यम से श्रद्धालु आध्यात्मिक ऊर्जा, सकारात्मकता और आत्मबल प्राप्त करने की प्रेरणा लेते हैं। देवी के प्रत्येक स्वरूप में जीवन को नई दिशा देने तथा समाज में सद्भाव और नैतिक मूल्यों को मजबूत करने का संदेश निहित है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित