बैतूल , जून 19 -- मध्यप्रदेश के देवास जिले में हुए एक सड़क हादसे में बैतूल लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) में पदस्थ उप संभागीय अधिकारी (एसडीओ) दरयाव सिंह परमार की मृत्यु हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार श्री परमार शुक्रवार दोपहर अपनी वाहन से धार जिले जा रहे थे। बताया गया है कि वह अपने परिवार को लेने के लिए धार जा रहे थे। इसी दौरान देवास जिले के कन्नौद क्षेत्र में उनकी वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बनी कंक्रीट की दीवार तथा लोहे के ढांचे से जा टकराई।
हादसा इतना जबर्दस्त था कि वाहन के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए। टक्कर के कारण एसडीओ परमार के सिर और सीने में गंभीर चोटें आईं। दुर्घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू करते हुए उन्हें कन्नौद के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
श्री परमार वर्ष 2021 में देवास से स्थानांतरित होकर बैतूल आए थे और वर्तमान में लोक निर्माण विभाग में एसडीओ के पद पर कार्यरत थे। उनके आकस्मिक निधन की सूचना मिलते ही विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों में शोक की लहर फैल गई। सहकर्मियों ने उन्हें कर्मठ, मिलनसार और जिम्मेदार अधिकारी बताते हुए गहरा दुख व्यक्त किया है।
पारिवारिक सूत्रों के अनुसार उनके परिवार में पत्नी, 12 वर्षीय पुत्री और सात वर्षीय पुत्र है। हादसे की सूचना परिजनों को दे दी गई है।
पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। शव का पोस्टमॉर्टम कन्नौद में कराया जाएगा, जिसके बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
घटना से बैतूल और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों में शोक व्याप्त है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित