भोपाल , अक्टूबर 29 -- मध्यप्रदेश शासन के कैबिनेट मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने देवास शराब कांड में कांग्रेस प्रवक्ता आनंद कासलीवाल के पुत्र अमन कासलीवाल की कथित संलिप्तता को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी से जवाब मांगा है। उन्होंने कहा कि पुलिस विवेचना में सामने आए तथ्यों के बाद कांग्रेस नेतृत्व को अपना पक्ष स्पष्ट करना चाहिए और अपने नेताओं से जुड़े आरोपों पर कार्रवाई करनी चाहिए।

सारंग ने सवाल किया कि गंभीर मामलों में निष्पक्षता, पारदर्शिता और जवाबदेही की बात करने वाली कांग्रेस अपने नेताओं और उनसे जुड़े लोगों पर आरोप लगने पर चुप्पी क्यों साध लेती है। उन्होंने कांग्रेस से प्रदेश कार्यालय के बिजली बिल, कर्मचारियों के वेतन और पार्टी के धरने-प्रदर्शनों में टेंट, लाइट तथा माइक की व्यवस्थाओं पर होने वाले खर्चों के स्रोत सार्वजनिक करने की मांग की। उन्होंने कहा कि इन व्यवस्थाओं के लिए धन कहां से आता था और संबंधित वित्तीय लेन-देन क्या थे, इसकी जानकारी सामने आनी चाहिए।

सारंग ने कहा कि आनंद कासलीवाल को जीतू पटवारी का करीबी बताया जाता है। ऐसे में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष को चुप्पी साधने के बजाय जनता के सामने पार्टी का पक्ष रखना चाहिए और यह बताना चाहिए कि मामले में नाम सामने आने वाले लोगों के विरुद्ध क्या कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि पुलिस विवेचना में मुख्य आरोपी अज्जू राठौर और उसके साथी गोविंद के साथ अमन कासलीवाल की कथित संलिप्तता तथा थिनर के ड्रम की खरीदी से जुड़े तथ्यों की जांच की बात सामने आई है। इन आरोपों की साक्ष्यों के आधार पर जांच होनी चाहिए, ताकि वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके।

मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। देवास शराब कांड की निष्पक्ष जांच की जा रही है और कानून के अनुसार दोषी पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि शराब से जुड़ी घटनाओं का समाज और परिवारों पर गंभीर असर पड़ता है। ऐसे संवेदनशील मामलों में राजनीतिक बयानबाजी के बजाय पीड़ितों के प्रति संवेदनशीलता दिखाना और दोषियों को कानून के दायरे में लाना जरूरी है। कांग्रेस को जांच में सहयोग करने के साथ अपने नेताओं से जुड़े आरोपों पर भी पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करनी चाहिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित