देवास , मई 14 -- मध्यप्रदेश के देवास जिले में एबी रोड स्थित टोंककला क्षेत्र में संचालित एक पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट से इलाके में दहशत फैल गई। हादसे में कई मजदूरों के घायल होने की सूचना है, जबकि कुछ लोगों के हताहत होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि प्रशासन की ओर से अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विस्फोट इतना तेज था कि आसपास के मकानों तक में कंपन महसूस किया गया। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी और भगदड़ का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर घायलों को बाहर निकालने में मदद की।
स्थानीय ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि फैक्ट्री में सुरक्षा मानकों की अनदेखी करते हुए खुले में बारूद रखकर पटाखे बनाने का काम किया जा रहा था। उनका कहना है कि इस संबंध में पहले भी शिकायतें की गई थीं, लेकिन जिम्मेदार विभागों द्वारा कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।
ग्रामीणों में हादसे को लेकर आक्रोश देखा जा रहा है। कुछ लोगों ने फैक्ट्री संचालक पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। वहीं फैक्ट्री को कथित राजनीतिक संरक्षण मिलने संबंधी चर्चाएं भी क्षेत्र में चल रही हैं, हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। सूत्रों के अनुसार घटना के बाद प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं तथा राहत एवं बचाव कार्य जारी है। मामले की जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित